विद्यालय परिसर से महिला का दफन किया हुआ शव बरामद, पति गिरफ्तार

अररिया 17 मई(हि.स.)। जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर बालूगढ़ में बन रहे डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय परिसर से पुलिस ने जमीन में दफन किया हुआ महिला का शव बरामद किया। हत्या का आरोप महिला के पति पर लगा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार,मृतका की पहचान 23 वर्षीय नुसरत प्रवीण के रूप में की गई है।मृतका का मायका पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र के बेगमपुर है।उसकी शादी करीब पांच साल पहले महबूब आलम से हुई थी।दोनों की दो साल की एक बेटी भी है।

महबूब आलम अपनी पत्नी के साथ श्यामनगर स्थित निर्माणाधीन विद्यालय परिसर में मजदूरी करता था। पूछताछ में सामने आया कि ईद के आसपास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक उसने देर रात विद्यालय परिसर में गहरा गड्ढा खोदा और शव को बोरी में बंद कर जमीन के नीचे दफना दिया।इसके बाद वह अपनी दो साल की बेटी को घर छोड़कर वापस काम पर लौट आया, ताकि किसी को शक न हो।

कई दिनों तक बेटी से संपर्क नहीं होने पर नुसरत के पिता मतिउर्रहमान को शक हुआ। उन्होंने जब दामाद से बेटी से बात कराने को कहा तो वह लगातार बहाने बनाता रहा। आखिरकार 13 मई को केनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।शिकायत के बाद पुलिस ने महबूब आलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। रविवार को डीएसपी राज किशोर कुमार और बथनाहा पुलिस की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद किया गया।

मामले में फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।

   

सम्बंधित खबर