हिसार : आठवीं महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए अखिल कुमार बॉक्सिंग क्लब में होंगे ट्रॉयल : अर्जुन ठाकुर
- Admin Admin
- Mar 11, 2025

हिसार, 11 मार्च (हि.स.)। हरियाणा बॉक्सिंग संघ की ओर से आठवीं महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी की चैंपियनशिप के लिए तोशाम रोड स्थित अखिल कुमार बॉक्सिंग क्लब में ट्रॉयल लिए जाएंगे। आगामी आठवीं एलीट महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए मुक्केबाजों का चयन करने के लिए एलीट महिलाओं के लिए चयन ट्रायल 12 मार्च को आयोजित किया जा रहा है। क्लब के वाइस प्रेजिडेंट अर्जुन ठाकुर ने मंगलवार कोा बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भार श्रेणियों में बदलाव के कारण ये चयन ट्रायल आयोजित करने की आवश्यकता है। अर्जुन ठाकुर ने बताया कि 12 मार्च को वजन और मेडिकल परीक्षण सुबह 6 से 7 बजे तक किया जाएगा। इसके पश्चात वजन वर्ग 45-48, 48-51, 51-54, 54-57, 57-60, 60-65, 65-70, 70-75, 75-80 और +80 किलोग्राम के ट्रॉयल लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए पात्रता मापदंड 4 से 7 नवंबर 2024 तक रोहतक में आयोजित पांचवीं एलीट महिला हरियाणा मुक्केबाजी चैंपियनशिप के सभी पदक विजेता (स्वर्ण, रजत और कांस्य) शामिल रहेंगे। इसके अलावा 2024 में किसी भी अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप के सभी पदक विजेता भी ट्रॉयल दे सकते हैं। मुक्केबाजों को अपनी पसंद के किसी भी भार वर्ग में भाग लेने की अनुमति है। इस अवसर पर अखिल कुमार बॉक्सर अर्जुन अवार्डी एवं ओलंपियन, जो कि सेलेक्शन कमेटी के मैंबर हैं, के अलावा क्लब के प्रधान सूबे सिंह बैनीवाल, कोच विकास लोहान, कोच रणवीर तथा हरियाणा के प्रसिद्ध बॉक्सर एवं हरियाणा बॉक्सिंग संघ के पदाधिकारी एवं चयनकर्ता वहां उपस्थित रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर