अरूप विश्वास ने बैंक प्रबंधन को पत्र लिखकर किया तृणमूल के बैंक खाते से लेनदेन रोकने का अनुरोध
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
कोलकाता, 18 जून (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरूप विश्वास ने पार्टी के बैंक खाते से किसी भी प्रकार के वित्तीय लेनदेन पर रोक लगाने की मांग करते हुए एक निजी बैंक की सेंट्रल प्लाजा शाखा के प्रबंधक को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने स्वयं को ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस का कोषाध्यक्ष बताया है और पार्टी खाते की सुरक्षा के मद्देनजर लेनदेन रोकने का अनुरोध किया है।
हालांकि अरूप विश्वास के इस कदम को लेकर पार्टी के भीतर ही सवाल उठने लगे हैं। तृणमूल कांग्रेस की पांच जून को हुई कार्यकारी समिति की बैठक में शुभाशीष चक्रवर्ती को पार्टी का नया कोषाध्यक्ष घोषित किया गया था। ऐसे में अरूप विश्वास द्वारा कोषाध्यक्ष के रूप में बैंक को पत्र भेजने के अधिकार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, अरूप विश्वास के पत्र पर 16 जून की तिथि अंकित है। पत्र में उन्होंने दावा किया है कि पार्टी के भीतर वर्तमान में अस्थिर स्थिति बनी हुई है। उन्होंने लिखा है कि संसदीय दल और विधायक दल में विभाजन की स्थिति उत्पन्न हो गई है तथा पार्टी के चुनाव चिह्न और कोष पर नियंत्रण को लेकर भी जटिलता पैदा हो गई है।
पत्र में बैंक प्रबंधन से अनुरोध किया गया है कि विवाद की स्थिति स्पष्ट होने तक पार्टी के बैंक खाते से सभी प्रकार के लेनदेन पर रोक लगाई जाए, ताकि पार्टी निधि सुरक्षित रह सके और किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की आशंका न रहे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अरूप विश्वास के इस पत्र से तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहे संगठनात्मक विवाद और गहरा सकता है। साथ ही, पार्टी के वित्तीय अधिकारों और वैधानिक प्रतिनिधित्व को लेकर नया विवाद भी खड़ा होने की संभावना है।
पार्टी नेतृत्व की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन अरूप विश्वास के इस कदम ने तृणमूल कांग्रेस की आंतरिक राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।

