प्रधानमंत्री के नीदरलैंड, स्वीडन और यूएई दौरे से भारत को मिला प्रगति का नया संदेश : भाजपा

गुवाहाटी, 18 मई, (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड और स्वीडन दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट प्रियंका तामुली ने कहा है कि इन यात्राओं ने वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत नेतृत्व क्षमता, कूटनीतिक सफलता और विकासोन्मुख सोच को नई पहचान दी है।

प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मीडिया पैनलिस्ट प्रियंका तामुली ने एक बयान में कहा कि यूएई दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति को विश्व समुदाय के सामने दोहराया। उन्होंने यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और सहयोग के लिए वहां की सरकार का आभार भी व्यक्त किया। तामुली ने कहा कि इस दौरे से भारत और यूएई के संबंध और अधिक मजबूत होंगे।

उन्होंने बताया कि नीदरलैंड दौरे के दौरान भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को गति देने के लिए महत्वपूर्ण चर्चाएं हुईं। सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार और आधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और एएसएमएल के बीच हुए समझौते को “आत्मनिर्भर भारत” अभियान के लिए अहम बताया गया।

बयान के अनुसार, ढोलेरा में प्रस्तावित आधुनिक सेमीकंडक्टर परियोजना युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी और तकनीकी क्षेत्र में भारत को नई दिशा देगी। इसके अलावा नीदरलैंड के जल प्रबंधन अनुभवों से सीख लेते हुए भारत में बाढ़ नियंत्रण, सिंचाई व्यवस्था और अंतर्देशीय जलमार्गों के विकास पर भी जोर दिया गया।

स्वीडन दौरे का जिक्र करते हुए प्रियंका तामुली ने कहा कि स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टेरसोन द्वारा एयरपोर्ट पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करना भारत के प्रति बढ़ते वैश्विक सम्मान का प्रतीक है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को “रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस” सम्मान से सम्मानित किया गया, जिसे स्वीडन के सर्वोच्च सम्मानों में शामिल माना जाता है।

उन्होंने कहा कि गोथेनबर्ग में आयोजित उद्योगपतियों की बैठक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के क्षेत्रों में भारत-स्वीडन सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को संबोधित करते हुए भारत की विकास यात्रा और वैश्विक निवेश की संभावनाओं को प्रमुखता से रखा।

प्रियंका तामुली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व स्तर पर एक मजबूत, भरोसेमंद और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है तथा इन विदेश दौरों से “विकसित भारत” के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।

----------------

   

सम्बंधित खबर