पांजीपाड़ा–सूर्यकमल रेलखंड में आधुनिक ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू

गुवाहाटी, 18 मई, (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने पांजीपाड़ा–किशनगंज–हाटवार–कांकी–सूर्यकमल रेलखंड में आधुनिक ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग (एबीएस) प्रणाली सफलतापूर्वक शुरू कर दी है। इस नई प्रणाली के शुरू होने से रेल सुरक्षा, समयपालन और लाइन क्षमता में महत्वपूर्ण सुधार होगा।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने मंगलवार को बताया कि लगभग 30 किलोमीटर लंबे इस खंड में कुल पांच स्टेशन शामिल हैं, जिनमें तीन इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) स्टेशन तथा दो पैनल इंटरलॉकिंग (पीआई) स्टेशन हैं। परियोजना के तहत चार ऑटो सिग्नल हट भी स्थापित किए गए हैं, जिससे सिग्नलिंग व्यवस्था और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बन सके।

इस रेलखंड में कुल 14 लेवल क्रॉसिंग गेट मौजूद हैं, जिनमें से छह गेटों को नई ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली से इंटरलॉक किया गया है। इससे ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुचारु होगी। इसके अलावा 196 मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर (एमएसडीएसी) डिटेक्शन प्वाइंट तथा 40 नए ऑटोमैटिक सिग्नल भी लगाए गए हैं।

रेलवे ने बताया कि इस आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली के लागू होने से ट्रेनों की परिचालन क्षमता बढ़ेगी, विलंब में कमी आएगी तथा महत्वपूर्ण रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

एनएफआर ने वर्ष 2025-26 के दौरान अपने नेटवर्क में कई बड़े सुरक्षा एवं सिग्नलिंग उन्नयन कार्य भी पूरे किए हैं। इनमें 24 इंटरलॉक्ड लेवल क्रॉसिंग गेटों की स्थापना, पांच पैनल इंटरलॉकिंग प्रणालियों को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग में बदलना, 22.29 रूट किलोमीटर ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग शुरू करना तथा इंटरलॉक्ड लेवल क्रॉसिंग पर 25 स्लाइडिंग बूम लगाना शामिल है।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में इस आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली का विस्तार गुवाहाटी तक किया जाएगा, जिससे लाइन क्षमता, रेल परिचालन और सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत किया जा सके।

------------

   

सम्बंधित खबर