असम राइफल्स ने अरुणाचल प्रदेश में चलाया अफीम विरोधी अभियान

चांगलांग (अरुणाचल प्रदेश), 12 मार्च (हि.स.)। असम राइफल्स ने जिला प्रशासन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और अरुणाचल प्रदेश पुलिस के साथ मिलकर चांगलांग जिले में अफीम की खेती के विरुद्ध बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। यह अभियान भारत-म्यांमार सीमा के पास स्थित क्षेत्रों में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ किया गया।सुरक्षा बलों ने कई एकड़ में फैली अवैध अफीम की फसल को नष्ट किया।

स्थानीय किसानों और ग्रामीणों को नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों और वैकल्पिक फसलों की खेती के बारे में जागरूक किया गया।

इस दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए गश्त बढ़ाई गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।

असम राइफल्स के अधिकारियों ने कहा कि अफीम की खेती और नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर ग्रामीणों को नशामुक्ति और वैकल्पिक कृषि के प्रति जागरूक करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि चांगलांग में अफीम की खेती एक बड़ी चुनौती है।अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग, तिरप और लोंगडिंग जिलों में अवैध अफीम की खेती एक गंभीर समस्या बनी हुई है। इन क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में अफीम उगाई जाती है, जो म्यांमार के ड्रग नेटवर्क से भी जुड़ी हो सकती है। इसी को देखते हुए सुरक्षा बलों ने इस बार बड़े पैमाने पर अभियान चलाया।

अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ अफीम की खेती को नष्ट करना नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों को वैकल्पिक आजीविका के प्रति प्रोत्साहित करना भी है, जिससे वे नशीले पदार्थों की अवैध खेती से दूर रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर