भखारा को मिली विकास की नई पहचान, करोड़ों के विकास कार्यों से बदलेगी नगर की तस्वीर
- DSS Admin
- May 19, 2026
अजय चंद्राकर ने किया भूमिपूजन व लोकार्पण
धमतरी, 19 मई (हि.स.)। सुशासन तिहार के तहत नगर पंचायत भखारा में मंगलवार को विकास का बड़ा अध्याय जुड़ गया। क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर की मौजूदगी में करोड़ों रुपये की लागत के विभिन्न जनहितकारी निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। नगरवासियों ने इसे भखारा के सुनियोजित और आधुनिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम में कुल छह करोड़ 76 लाख 78 हजार रुपये लागत के 16 विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए। इनमें पांच करोड़ 77 लाख 96 हजार रुपये की लागत से 11 कार्यों का भूमिपूजन तथा 98 लाख 82 हजार रुपये की लागत से पांच कार्यों का लोकार्पण शामिल रहा। भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में अत्याधुनिक एसटीपी निर्माण, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, आउटडोर स्ट्रीट पोल एवं एलईडी लाइट स्थापना, मल्टी स्पोर्ट्स टर्फ ग्राउंड, बास्केटबॉल कोर्ट, यात्री प्रतीक्षालय, सम्पवेल, बोर खनन, सार्वजनिक शौचालय एवं चबूतरा निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन कार्यों से नगर में स्वच्छता, खेल सुविधाएं, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।वहीं लोकार्पित कार्यों में सीसी रोड निर्माण के 20 कार्य, नाली निर्माण के 8 कार्य, लाइब्रेरी भवन, सामुदायिक भवन तथा मोटर पंप एवं पानी टंकी स्थापना प्रमुख रहे। इन योजनाओं से नागरिकों को आवागमन, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था में सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर अजय चंद्राकर ने कहा कि भखारा को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त नगर के रूप में विकसित करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वच्छता, खेल और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि क्षेत्र में लगभग 15 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर काम शुरू हो चुका है तथा युवाओं के लिए पुस्तकालय और शैक्षणिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से बचने और जैविक खेती को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ कृषि व्यवस्था समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने नगर में जारी विकास कार्यों की जानकारी देते हुए पुस्तकालय के लिए पुस्तक दान करने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। विकास कार्यों की इस श्रृंखला से भखारा नगर में उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।

