बर्दवान, 12 जून (हि.स.)। पश्चिम बर्दवान जिले में अल्पसंख्यकों तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों पर कथित अत्याचार और उत्पीड़न के विरोध में भीम आर्मी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील रुइदास ने कहा कि संगठन की ओर से पहले भी जिला प्रशासन को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था और जिले में बढ़ रही कथित उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ और अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि इसी कारण संगठन ने एक बार फिर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर प्रशासन का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है।
प्रदर्शन के दौरान जिलाधिकारी को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें कथित उत्पीड़न की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
सुशील रुइदास ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले सात दिनों के भीतर अल्पसंख्यक, एससी और एसटी समुदाय के लोगों पर हो रहे कथित अत्याचारों को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भीम आर्मी जिले भर में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगी।
उन्होंने पांडेबेश्वर और उखड़ा थाना क्षेत्र का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पुलिस प्रशासन संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा करने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक और वंचित समुदायों को संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन ने प्रशासन से मांग की कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि प्रभावित समुदायों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम हो सके।
---------------

