जलपाईगुड़ी, 08 जुलाई (हि. स.)। जिले के राजगंज ब्लॉक अंतर्गत सुखानी ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रधान पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। गारुहाटी क्षेत्र से रैली निकालकर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता पंचायत कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने तृणमूल कांग्रेस संचालित पंचायत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आम लोग विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
उनका आरोप है कि अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत कई योग्य आवेदकों को बार-बार आवेदन करने के बावजूद आर्थिक सहायता नहीं मिली, जबकि सक्षम लोगों को इसका लाभ दिया गया।इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने आवास योजना में अनियमितता, सरकारी शौचालय निर्माण में गड़बड़ी, विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरण में पक्षपात और पंचायत के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार व भाई-भतीजावाद के आरोप लगाए।
उन्होंने वर्तमान प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए राजगंज थाने की पुलिस मौके पर तैनात रही।

