सिलीगुड़ी, 18 मई (हि. स.)। सिलीगुड़ी के बहुप्रतीक्षित बर्दमान रोड फ्लाईओवर के उद्घाटन से पहले तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई है। सोमवार को सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद ने फ्लाईओवर का निरीक्षण किया और ट्रायल रन का जायजा लिया। यह फ्लाईओवर तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, 20 मई को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा इसका औपचारिक उद्घाटन किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान ब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और तकनीकी पहलुओं की जांच की गई। अधिकारियों ने पूरे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही का परीक्षण कर ट्रैफिक मैनेजमेंट को परखा, ताकि उद्घाटन के बाद किसी तरह की समस्या न हो।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत वर्ष 2018 में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा की गई थी। शुरुआत में इसे दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य में लगातार देरी होती रही। करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर का निर्माण आखिरकार पूरा हो चुका है।
डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद ने बताया कि आज फ्लाईओवर का निरीक्षण किया गया और ट्रायल रन भी सफलतापूर्वक पूरा हुआ है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि आम जनता के लिए इसे सुरक्षित तरीके से खोला जा सके।

