यमुनानगर: नगर निकाय चुनाव में भाजपा महापौर सहित 22 में से 21 वार्डों में जीती

यमुनानगर, 12 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने यमुनानगर- जगाधरी नगर निगम चुनाव में महापौर और एक निर्विरोध पार्षद सहित 22 में से 21 वार्डों में प्रचंड जीत का परचम फहराया। वार्ड नंबर 14 से आजाद प्रत्याशी विजय रही। भाजपा प्रत्याशी सुमन बहमनी ने अपनी प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी किरणा देवी को 73319 मतों से हराया। निगम चुनाव में कुल 190039 मत पड़े। जिसमें से भाजपा महापौर प्रत्याशी सुमन बहमनी को 126749 और कांग्रेस प्रत्याशी किरणा देवी को 53430 मत पड़े। वही तीसरे मोर्च की प्रत्याशी मधु को 5671 और आजाद प्रत्याशी सुमनलता को 1839 मत पड़े। प्रचंड जीत के बाद भाजपा ने शहर में रोड शो निकाला। कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई और ढोल की थाप पर थिरके।

बुधवार को नगर निगम चुनाव के परिणामों की घोषणा के बाद भाजपा की प्रचंड जीत पर पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने कहा कि भाजपा की केंद्र से लेकर प्रदेश सरकार की विकासकारी नीतियों पर जनता का आशीर्वाद और विश्वास मिला है। यही कारण है कि आज जनता ने भाजपा की शहर की छोटी सरकार पर भी भरोसा जताया है और एक बड़ी जीत दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि एक साल के छोटे से कार्यकाल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में जहां एक और विकास की गति को तेज किया है वहीं जनता का विश्वास भी जीता है। उन्होंने कहा कि महापौर सुमन बहमनी एक पढ़ी लिखी अधिकारी रह चुकी है। अब वह इस जिम्मेदारी को बखूबी से निभाएंगी और जगाधरी- यमुनानगर के रुके हुए विकास कार्यों को तेजी से पूरा करेंगी।

वहीं यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि आज की यह जीत इस बात का प्रमाण है कि जनता को विश्वास है कि जो विकास कार्य पिछले दस वर्षों में भाजपा सरकार में हुए है, इतने पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि उनकी तिहरे इंजन की सरकार तीन गुना गति से विकास कार्यों को करेगी।

नवनिर्वाचित भाजपा महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि इतनी बड़ी जीत का श्रेय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकासशील नीतियों और बूथ कार्यकर्ता से लेकर सभी जिला पदाधिकारियों को जाता है। उन्होंने कहा कि जो भरोसा जनता ने किया है उस पर खरा उतरना मेरी नैतिक जिम्मेदारी रहेगी। नगर निगम में रुके हुए विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी और जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का भी प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों शहरों के विकास कार्यों के साथ-साथ इनका सौंदर्यकरण भी किया जाएगा और जिला यमुनानगर को प्रदेश में नंबर एक बनाने पर भी फोकस रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग

   

सम्बंधित खबर