भाजपा 8 मार्च को जिला स्तर पर मनाएगी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

शिमला, 05 मार्च (हि.स.)। भाजपा प्रदेश संगठन ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को भव्य रूप से मनाने की तैयारी कर ली है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने जानकारी दी कि 8 मार्च को सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें भाजपा के प्रमुख नेता व वक्ता भाग लेंगे। इस दौरान महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित रहेगा कार्यक्रम

बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि इस वर्ष महिला दिवस की थीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर केंद्रित होगी। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में जिला स्तर पर उन सभी लाभार्थी बहनों को आमंत्रित किया जाएगा, जिन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभ प्राप्त किया है। इन योजनाओं में मुद्रा योजना, लखपति दीदी योजना, जन धन योजना, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, स्वनिधि योजना, पीएम एम्प्लॉयमेंट जनरेशन प्रोग्राम और स्वयं सहायता समूह वित्तीय सहायता योजना प्रमुख रूप से शामिल हैं। कार्यक्रमों में इन महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

प्रमुख जिलों में ये नेता होंगे मुख्य वक्ता

प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि महिला दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाजपा के दिग्गज नेता मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि जिला ऊना में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, जिला बिलासपुर और सोलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सिरमौर में सांसद सुरेश कश्यप, हमीरपुर में राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, कांगड़ा में राज्यसभा सांसद डॉ सिकंदर कुमार, महासू में राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, नूरपुर में पूर्व विस अध्यक्ष विपिन परमार, देहरा में लोक सभा सांसद राजीव भारद्वाज, चंबा में विधायक डॉ हंस राज, कुल्लू में पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, मंडी में विधायक विनोद चौहान, पालमपुर में प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, सुंदरनगर में महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना योगी, लाहौल स्पीति में धनेश्वरी ठाकुर और किन्नौर में अजय श्याम शामिल होंगे। प्रत्येक कार्यक्रम में प्रदेश महिला मोर्चा की ओर से एक एक पदाधिकारी नियुक्त किए गए है।

उन्होंने बताया कि सभी जिलों कार्यक्रमों का आयोजन 8 मार्च को किया जाएगा। केवल जिला सुंदरनगर का कार्यक्रम 12 मार्च, पालमपुर 11 मार्च और सोलन का 11 मार्च को होना निश्चित हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर