पुरुषोत्तम मास के प्रथम दिन मृत्युंजय महादेव धाम में गूंजे शिव-राम के जयकारे
- DSS Admin
- May 17, 2026
जौनपुर ,17 मई (हि.स.)।यूपी के जौनपुर में उमरछा गांव स्थित मृत्युंजय महादेव धाम में पुरुषोत्तम मास के प्रथम दिन रविवार को भव्य धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भगवान शिव और प्रभु श्रीराम के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। आयोजन के संयोजक एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में किए गए धार्मिक कार्यों का फल अनंत होता है, इसलिए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक जागरण के उद्देश्य से हर वर्ष इस प्रकार का आयोजन कराया जाता है।प्रातःकाल मुख्य पुरोहित पंडित अभिनव मिश्र के आचार्यत्व में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से “ॐ नमः शिवाय” महामंत्र का सस्वर पाठ किया। भक्तों ने भगवान मृत्युंजय महादेव पर बेलपत्र अर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की। इसके बाद पं. श्रेय मिश्र ने श्रीरामचरितमानस के मास परायण के प्रथम विश्राम का पाठ एवं भावपूर्ण व्याख्या प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि राम नाम का स्मरण मनुष्य को आध्यात्मिक शक्ति और जीवन में अनुशासन प्रदान करता है।कार्यक्रम में पं. अभिनव मिश्र ने शिव पुराण कथा का वाचन करते हुए शिव कथा श्रवण और मनन की महिमा बताई। इसके उपरांत विद्वान पंडितों द्वारा 11 माला महामृत्युंजय मंत्र का सामूहिक जाप कराया गया।दोपहर में यजमान राजेश शुक्ल ने सपत्नीक विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया, जिसके बाद महाआरती और प्रसाद वितरण हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

