![](/Content/PostImages/ab2e79dbba72c3866298b74f1a1c6fa6_1386575097.jpg)
गुवाहाटी, 07 फरवरी (हि.स.)। असम में सेमिकंडक्टर उद्योग की स्थापना कांग्रेस के लिए चिंता का विषय बन गई है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने शुरू से ही इस उद्योग का विरोध किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा के निराशाजनक बयान से यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस इस पहल को लेकर चिंतित है। हाल ही में, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा सेमिकंडक्टर उद्योग पर की गई नकारात्मक टिप्पणी की असम प्रदेश भाजपा की प्रवक्ता डॉ. जूरी शर्मा बरदलै ने कड़ी निंदा की है।
शुक्रवार को एक बयान में भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस हमेशा औद्योगीकरण के खिलाफ रही है। जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब उसने असम में कभी भी उद्योग स्थापना को प्राथमिकता नहीं दी। जो कुछ उद्योग राज्य में थे, वे भी कांग्रेस शासन में बंद होने के कगार पर पहुंच गए थे। नए उद्योग लाने का कोई प्रयास नहीं किया गया। असम में बड़े उद्योगों की स्थापना कांग्रेस के लिए हमेशा असंभव सपना रहा। इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष का सेमिकंडक्टर उद्योग को लेकर चिंतित होना स्वाभाविक है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने औद्योगीकरण के लिए एक अनुकूल माहौल तैयार किया है। उद्योग स्थापना की दिशा में मुख्यमंत्री ने कई बुनियादी कदम उठाए हैं, ताकि निवेशकों को किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े। असम में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 25-26 फरवरी को ‘एडवांटेज असम 2.0’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशक भाग लेंगे।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के इन ठोस प्रयासों के कारण कांग्रेस आज दिशाहीन हो गई है। इसी कारण अब वह सेमिकंडक्टर उद्योग के विरोध के बहाने राज्य के विकास का विरोध कर रही है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से अपील की कि वह असम विरोधी मानसिकता छोड़कर राज्य के विकास के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश