अमरनाथ यात्रा-2026 की तैयारियों का डीसी एसएसपी ने लिया जायजा, 25 जून को होगा मॉक ड्रिल

DC and SSP review preparations for Amarnath Yatra 2026; mock drill to be held on June 25.


कठुआ, 18 जून । श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के सफल और सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा और एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने संयुक्त रूप से बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक में लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र पर विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत, झाड़ियों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी ढांचे के कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में यात्रियों की सुविधा के लिए आरएफआईडी और ई-केवाईसी काउंटर 10 बेड का स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल व्यवस्था, शौचालय इकाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थापना पर भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा पूर्ण रूप से लॉजमेंट सेंटरों की तैयारियों और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आकस्मिक योजना पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को पर्याप्त स्टाफ, संसाधन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यात्रियों के सुरक्षित आवागमन और जम्मू बेस कैंप तक वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए आवश्यक प्रोटोकॉल पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि 25 जून 2026 को मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी जिससे तैयारियों का आकलन और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त महिमा मदान, आईएएस प्रोबेशनर निधि, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह सहित प्रशासन व पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर