सोनीपत: दिल्ली भाजपा पर हुई फ़िदा, आप दा हुई विदा: मोहनलाल बडौली
- Admin Admin
- Feb 08, 2025
![](/Content/PostImages/e9dfc2653f319aa28c10dc61d45036ee_1980940142.jpg)
-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली
का कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली जीत पर जलेबी वाला जश्न
सोनीपत, 8 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा
प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने दिल्ली में 27 साल बाद हुई भाजपा की शानदार जीत पर
ख़ुशी जाहिर की। शनिवार को उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं संग जलेबी खाकर इस जीत का जश्न मनाया है। दिल्ली
में भाजपा की इस भव्य जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए मोहनलाल बडौली ने कहा कि दिल्ली
में आपदा का अंत हुआ है और 27 साल भाजपा की दिल्ली में सरकार बनी है इसके लिए उन्होंने
दिल्ली और हरियाणा की जनता का आभार जताया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली की जनता
ने केजरीवाल की भ्रष्ट और झूठ की राजनीति को करारा जवाब दिया है और भाजपा पर विश्वास
जताया है। बडौली ने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को दिल्ली की जनता
ने स्वीकार किया और केजरीवाल की झूठ और भ्रष्ठाचार की राजनीति की दुकान पर ताला लगाया
है। पीएम मोदी की नीतियों को जनता ने स्पष्ट जनादेश देकर साफ़ कर दिया है कि जनता अब
झूठ और भ्रष्टाचार को नहीं बल्कि विकास की राजनीति को तवज्जो देती है।
कार्यकर्ताओं
संग ख़ुशी मनाते हुए भाजपा अध्यक्ष ने इसे दिल्ली के साथ साथ हरियाणा की भी जीत बताया
और कहा कि केजरीवाल ने यमुना माई का अपमान किया और हरियाणा वालों पर अनर्गल आरोप लगाकर
गन्दी राजनीति की, जिसका मुंहतोड़ जवाब अब दिल्ली की जनता ने दिया है। जिस दिन दिल्ली
चुनाव की तारीखों का एेलान हुआ था उसी दिन उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि दिल्ली में
इस बार कमल खिलेगा, हरियाणा में भी मतदान 5 तारीख को हुए और नतीजे 8 तारीख को घोषित
हुए थे और दिल्ली चुनाव के लिए भी ये ही तारीखें थी इसलिए उन्हें पहले से विश्वास था
कि इस बार दिल्ली में आप दा जाएगी और भाजपा आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना