निकाय चुनावों में फरीदाबाद पूरे देश में तोड़ेगा जीत का रिकार्ड : कृष्णलाल पंवार

फरीदाबाद, 22 फरवरी (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने हमेशा इतिहास रचा है। विधानसभा में हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी तो लोगों ने महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी भाजपा को बहुमत दिया। दिल्ली में केजरीवाल सरकार को भी लोगों ने उखाड़ने का काम किया। हरियाणा की जीत का असर इन राज्यों पर दिखाई दिया है। कैबिनेट मंत्री शनिवार को फरीदाबाद के सेक्टर-65 में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित सभा में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ बल्लभगढ़ से विधायक और पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा मौजूद रहे। कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा के नेताओं ने दिल्ली की 32 विधानसभा की सीटों पर प्रचार का काम किया। भाजपा की नीतियों को लोगों तक पहुंचाया और जनता ने इन सीटों पर कमल खिलाने का काम किया। आज पूरा देश भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित है। हरियाणा सीएम नायब सैनी की सरकार में विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि निकाय चुनावों में फरीदाबाद पूरे देश का रिकार्ड तोड़ने की तैयारी कर रहा है। पूरे देश में सबसे ज्यादा वोट से जीतने वाला मेयर प्रत्याशी भाजपा का फरीदाबाद से होगा। निकाय चुनाव में कांग्रेस दूर तक दिखाई नहीं दे रही है। हरियाणा में कांग्रेस के पास उम्मीदवार नहीं बचे है। कांग्रेस की हालात को देखते हुए कई सारे कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ रहे और भाजपा के प्रत्याशियों को वो अपना समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएम नायब सिंह के आने से फरीदाबाद में चुनाव का माहौल एकतरफा होने जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

   

सम्बंधित खबर