मंदसौर में पिता-पुत्र पर हमला, नाबालिग के सिर पर लोहे की रॉड से वार
- DSS Admin
- May 18, 2026
मंदसौर, 18 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर के खानपुरा क्षेत्र में रविवार देर रात मामूली विवाद के बाद पिता-पुत्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में एक नाबालिग किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पिता को भी चोटें आई हैं। दोनों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, खानपुरा निवासी मोहम्मद जाबिर हुसैन और उनके 16 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इमरान के साथ यह घटना हुई। बताया गया है कि इमरान देर रात अपने दोस्तों के साथ ईरानी चाय की दुकान पर गया था। इसी दौरान वहां पहुंचे अरशद ने इमरान से उसे घूरकर देखने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
इमरान के अनुसार, उसने अरशद से कहा कि वह उसे जानता तक नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि अरशद ने इमरान की कॉलर पकड़ ली और उसे होटल के बाहर ले जाकर गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की करने लगा।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान अरशद के साथी फैजान ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में इमरान के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उसके पिता जाबिर के हाथ और पैर पर भी वार किए गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, इमरान के सिर में चार टांके आए हैं, जबकि जाबिर का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

