यमुनानगर: मेडिकल कालेज के लिए सड़क का निर्माण प्राथमिकता से हो: घनश्याम दास अरोड़ा
- Admin Admin
- Mar 04, 2025

यमुनानगर, 4 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के वार्षिक बजट को लेकर यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने अपनी मांगे व सुझाव मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखें हैं। जिसमें सफेदा व पोपलर लकड़ी से मार्केट फीस हटाने, यमुनानगर-जगाधरी रिंग रोड और ट्रांसपोर्ट नगर बनाने, अध्यापकों की भर्ती व कई अन्य विकास कार्यों की मांगें रखी।
मंगलवार को यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ अभी कुछ दिनों में हरियाणा प्रदेश का वार्षिक बजट पेश होने वाला है। इसी कड़ी के अंतर्गत उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनिक के समक्ष हरियाणा प्रदेश के बजट को लेकर अपनी मांगे व सुझाव रखें है।
उन्होंने मांग रखी है कि सफेदा एवं पॉपुलर लकड़ी से मार्केट फीस को पूरी तरह से खत्म किया जाए ताकि किसानों एवं संकट से जूझ रहे प्लाइवुड इंडस्ट्रीज को राहत पहुंचाई जा सके। औद्योगिक क्षेत्र के अंदर ट्रांसपोर्ट नगर या ट्रक अड्डा की स्थापना की जाए। शहर में डॉग शेड हाउस व बियर्ड हाउस की स्थापना की जाए। यमुनानगर में पायलट प्रोजेक्ट चलाकर गन्ने के रकबे को बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी ट्विन सिटी के मध्य रिंग रोड का निर्माण किया जाए ताकि लोगों को यातायात की ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध हो सके। बिजली के नए फीडर्स का निर्माण किया जाए इससे बिजली विभाग में होने वाले लाइन के नुकसान में भी कमी आएगी। नशे पर नियंत्रण के लिए राज्य स्तर पर एसटीएफ का निर्माण किया जाए। सरकारी हस्पतालों में आईसीयू , एमआरआई और रेडियोथैरेपी की सुविधा हर जगह उपलब्ध करवाई जाए। यमुनानगर में बन रहे गुरु तेगबहादुर मेडिकल कॉलेज के लिए फोर लेन सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। सरकारी स्कूलों में अध्यापकों की भर्ती को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन है कि उनकी ज्यादातर मांगे व सुझावों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बजट में शामिल किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग