
मुंबई, 10 मई (हि.स.)। अंधेरी पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाले गोपालकृष्ण गोखले रेलवे ओवर ब्रिज परियोजना का काम पूरा हो चुका है। इसे यातायात के लिए रविवार 11 मई से जनता के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी व सांस्कृतिक मामलों के मंत्री और मुंबई उपनगर के पालक मंत्री आशीष शेलार रविवार को इसका लोकार्पण करेंगे।
इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा मनपा आयुक्त भूषण गगरानी, अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर व अन्य आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सांसद रवींद्र वायकर, विधायक अमित साटम, विधायक मुरजी पटेल, विधायक सुनील शिंदे, विधायक राजहंस सिंह को भी आमंत्रित किया गया है। इस ब्रिज के पूरी तरह से खुलने का मुंबई वासियों को बेसब्री से इंतजार था। तेली गली ब्रिज और फड़के रोड पर गोखले ब्रिज के मध्य भाग के सीमेंट कार्य की 'क्योरिंग' 25 अप्रैल को पूरी कर ली गई थी। पुल का मुख्य निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अंतिम कार्य बाकी रह गया था। इसमें ब्रिज का क्वालिटी टेस्ट, सुरक्षा का कार्य, क्रैश बैरियर, नॉइज़ बैरियर, बैरियर, पेंटिंग, थर्मोप्लास्टिक, कैट आई, बिजली के खंभे, साइनेज आदि पर काम बाकी रह गया था। यह सभी काम पूरे कर लिए गए थे। अब इसके दूसरे हिस्से के खुलने का इंतजार था। गोखले फ्लाईओवर के एक हिस्से को 26 फरवरी 2024 को खोला गया था।
बर्फीवाला फ्लाईओवर जुहू से सीधे गोखले ब्रिज से जुड़ने पर लोगों को एसवी रोड के ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोग सीधे अंधेरी पूर्व में जा सकते हैं। वाहन चालक वेस्टर्न एक्सप्रेस-वे से तेली गली ब्रिज से गोखले ब्रिज होते हुए बर्फीवाला ब्रिज के जरिए जुहू तक का सफर आसानी से तय कर सकेंगे। यह दूरी करीब 9 किमी है, इसे पूरा करने के लिए वाहन चालकों को करीब 45 मिनट का समय लगता था। ब्रिज खुलने के बाद महज 15 मिनट में यह दूरी पूरी की जा सकेगी। इससे ईंधन व समय की बचत होगी। दक्षिण मुंबई को मुख्य सड़कों की एक श्रृंखला के माध्यम से इसे जोड़ना है। इसके अलावा उपनगर की मुख्य सड़कें भी जुड़ जाएंगी। इससे मुंबई शहर व उपनगरों में कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी। यह फ्लाईओवर पश्चिमी एक्सप्रेस हाईवे से जेवीपीडी स्कीम सिग्नल की ओर जाने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक जल्दी पहुंचने में मदद करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार