गुरुग्राम: भाजपा संगठन में 12 साल से हर दायित्व को जिम्मेदारी से निभाया: विजय परमार 

-क्षेत्र के मौजिज लोगों के साथ बैठक में विजय परमार ने लिया आशीर्वाद

गुरुग्राम, 6 फरवरी (हि.स.)। तीन बार से लगातार सेक्टर-7 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एवं भाजपा युवा नेता विजय परमार ने गुरुवार काे वार्ड-32 में मौजिज लोगों का आशीर्वाद लेकर डोर-टू-डोर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि जैसे अब से पहले सबकी सेवा की है, ऐसे ही भविष्य में भी सेवा कार्य करता हूं।

विजय परमार ने कहा कि वे पिछले 12 साल से भाजपा संगठन के अनुशासित सिपाही की तरह से काम कर रहे हैं। हर दायित्व को पूरी जिम्मेदारी से निभाया है। संगठन की ओर से जब भी कोई ड्यूटी, कार्यभार सौंपा गया, उसका निर्वहन ईमानदारी के साथ किया। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान में वे पूरे गुरुग्राम में पार्षद उम्मीदवारों और पार्षदों में सबसे अग्रणी हैं। सबसे अधिक सदस्य उन्होंने बनाए हैं। सदस्यता की पूरी जानकारी सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचती है।

विजय परमार ने कहा कि अपने वार्ड-32 को बेहतर बनाने की सोच के साथ वे काम कर रहे हैं। नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की टिकट मांग रहे हैं। नगर निगम का चुनाव सिर्फ चुनाव ना होकर, अपने वार्ड, अपने शहर के विकास की दशा तय करने का अवसर है। हमें इस अवसर का लाभ लेना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर विकास का रास्ता तैयार गुरुग्राम के मतदाताओं को करना है। मेरा लक्ष्य, जनता के बीच रहकर, जनता के लिए, जनता के हित में काम करने का है। जनता की शक्ति से ही यह सब संभव हो पाता है। संगठन के प्रति अपनी निष्ठा जाहिर करते हुए विजय परमार ने कहा कि संगठन से वे पार्षद की टिकट का अनुरोध करते हैं। संगठन उन्हें टिकट देगा तो वे जनता के आशीर्वाद से सफल भी होंगे। इस अवसर पर बुजुर्गों ने विजय परमार को आशीर्वाद देते हुए कहा कि विजय परमार ने हमेशा दिल से सेवा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर