सोनीपत: सामाजिक सशक्तिकरण का आधार गुरूकुल शिक्षा संस्कारों की नींव है: डा. अरविंद
- Admin Admin
- Mar 23, 2025

सोनीपत, 23 मार्च (हि.स.)। हरियाणा
के सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि गुरूकुल
शिक्षा प्रणाली वैदिक काल से ही युवाओं में संस्कारों को संजोने और सामाजिक व्यवस्था
को मजबूत करने का आधार रही है। वे रविवार काे वैदिक ज्ञान योग महाविद्यालय गुरुकुलम, जुआं
के 16वें वार्षिकोत्सव में रविवार को बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
डॉ.
शर्मा ने गुरूकुलों को राष्ट्र और समाज के लिए सशक्त युवा तैयार करने वाली संस्थाएं
बताया, जो प्राचीन परंपराओं को जीवंत रखते हुए आधुनिकता से जोड़ती हैं। उन्होंने युवाओं
और अभिभावकों से इस परंपरा में सक्रिय भागीदारी की अपील की। आर्य समाज ने स्वतंत्रता
संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया और गुरूकुल व्यवस्था को बढ़ावा देकर राष्ट्रभाव
को मजबूत किया। यह व्यवस्था न केवल ज्ञान का प्रसार करती है, बल्कि संस्कृति और ऋषि
परंपरा को आगे बढ़ाती है। उन्होंने इसे संस्कारों की जननी बताते हुए कहा कि गुरूकुलों
ने भारतीय विद्वता को वैश्विक मंच पर स्थापित किया है। मंत्री ने लार्ड मैकाले की शिक्षा
पद्धति को बदलने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति
2020 की सराहना की, जिसे हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तेजी
से लागू किया जा रहा है। इससे परंपरा और विज्ञान का समन्वय हो रहा है।
उन्होंने
संतों के विचारों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया, ताकि गुरूकुल
व्यवस्था को और सशक्त किया जा सके। कार्यक्रम में गुरुकुलम जुआं के संस्थापक आचार्य
वेदनिष्ठ, स्वामी धर्मदेव, स्वामी सर्वानंद, बीपीएस महिला विश्वविद्यालय की कुलपति
प्रो. सुदेश, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। यह आयोजन
गुरूकुल शिक्षा के महत्व को रेखांकित करने वाला सशक्त मंच साबित हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना