युवाओं को खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं से जोड़ें अधिकारी : केशव प्रसाद मौर्य
- DSS Admin
- Jul 07, 2026

उप मुख्यमंत्री ने महिला छात्रावास का किया शिलान्यास एवं भूमि पूजन
लखनऊ, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को राजकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी संस्थान, सप्रू मार्ग, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में महिला छात्रावास का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में स्थापित नवीन मशीनों का फीता काटकर शुभारंभ किया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट, आर्थिक अनुदान राशि के डेमो चेक एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने खाद्य प्रसंस्करण का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से संवाद किया तथा उनके अनुभवों, प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनकर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया।
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्तर प्रदेश के समग्र विकास का आधार गांवों का विकास है। जब गांव समृद्ध होंगे, किसान सशक्त होंगे और स्थानीय स्तर पर उद्योग स्थापित होंगे, तभी प्रदेश विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक विकास खंड स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण विभाग की योजनाओं की प्रदर्शनी आयोजित की जाए, ताकि युवाओं, महिलाओं, किसानों एवं उद्यमियों को विभागीय योजनाओं, अनुदानों एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी मिल सके।
इस अवसर पर उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अपर मुख्य सचिव बी.एल. मीणा, विशेष सचिव राजकमल यादव, निदेशक उद्यान बी.पी. राम, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के रजनीकान्त पाण्डेय, उप सचिव प्रभंजन यादव, संयुक्त निदेशक एम.पी. सिंह,फल संरक्षण अधिकारी मनोज सागर उपस्थित रहे।

