मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने डेरा बाबा रुद्रानंद के संस्थापक के निधन पर शोक व्यक्त किया
- Admin Admin
- Mar 02, 2025

शिमला, 02 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने डेरा बाबा रुद्रानंद के संस्थापक वेदांताचार्य 1008 स्वामी श्री श्री सुग्रीवानंद महाराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराज जी का स्वर्गवास हमारे लिए एक अपूर्णीय क्षति है और उनकी दी गई शिक्षाएं हमेशा हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी। उनका निधन लम्बी बीमारी के चलते पीजीआई चंढीगढ़ में हुआ।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि महाराज जी का स्वर्गवास पूरे समाज के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने यह भी कहा कि महाराज जी द्वारा दी गई शिक्षाएं हमेशा हमें धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
दोनों नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की और उनके अनुयायियों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला