हिमाचल में रंगों के पर्व होली की धूम, नेताओं ने भी जमकर मनाया उत्सव

शिमला, 14 मार्च (हि.स.)। पूरे देश के साथ देवभूमि हिमाचल में भी रंगों का त्योहार होली शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। राज्यभर में होली की मस्ती छाई है और हर गली, मोहल्ले व चौक-चौराहों पर लोग रंगों में सराबोर होकर जश्न मनाते नजर आए। लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाया तथा पहाड़ी गीतों और नाटी की धुनों पर झूम कर इस उत्सव को और भी रंगीन बना दिया।

इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राजभवन में होली का उत्सव मनाया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ में होली खेली। वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी अपने शिमला स्थित आवास में समर्थकों संग होली का जश्न मनाया और बाद में राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को बधाई दी। राजभवन में इस अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, जयराम ठाकुर और अन्य नेताओं ने एकसाथ नाटी डालकर उत्सव की रौनक बढ़ाई। उधर, मुख्यमंत्री सुक्खू को बधाई देने के लिए कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ‘ओक ओवर’ पहुंचे और वहां होली के रंग में सराबोर होकर झूमे।

प्रदेशभर में होली की उल्लासपूर्ण छटा देखने को मिल रही है। हर जिले में लोग पारंपरिक और आधुनिक अंदाज में होली मनाते नजर आए। इस अवसर पर राज्यपाल शुक्ल, मुख्यमंत्री सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष ठाकुर ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और सभी से सौहार्द्र बनाए रखने की अपील की।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर