आईपीएल 2026 : गुजरात टाइटंस की धमाकेदार जीत, चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ रेस से बाहर
- DSS Admin
- May 22, 2026

अहमदाबाद, 21 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लीग स्टेज के अंतिम मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से करारी शिकस्त दी। इस हार के साथ चेन्नई सुपर किंग्स का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना भी टूट गया और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। यह रन अंतर के लिहाज से चेन्नई की आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी हार मानी जा रही है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए शीर्ष क्रम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और बड़े स्कोर की नींव रखी।
गुजरात की ओर से साई सुदर्शन ने सबसे प्रभावशाली पारी खेलते हुए 53 गेंदों में 84 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। कप्तान शुभमन गिल ने 37 गेंदों में 64 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि जोस बटलर ने 27 गेंदों में 57 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
गेंदबाजी में भी गुजरात का दबदबा देखने को मिला। मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को लगातार दबाव में रखा और तीन-तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और पूरी टीम 13.4 ओवर में मात्र 140 रन पर ऑलआउट हो गई। शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 47 रनों की आक्रामक पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला।
चेन्नई के अन्य बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। कप्तान रुतुराज गायकवाड़, डेवाल्ड ब्रेविस और अन्य प्रमुख बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे।
इस हार के बाद प्लेऑफ की दौड़ से चेन्नई सुपर किंग्स बाहर हो गई है, जबकि राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अंतिम स्थान के लिए मुकाबला और रोमांचक हो गया है।
----------------------

