यमुना नदी में क्रूज पर्यटन का रास्ता साफ, आईडब्ल्यूएआई और दिल्ली सरकार के बीच एमओयू
- Admin Admin
- Mar 11, 2025

- सोनिया विहार और जगतपुर के बीच के हिस्से को क्रूज पर्यटन के लिए विकसित किया जाएगा
- क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक सोलर हाइब्रिड बोट्स लगाई जाएंगी
नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स.)। दिल्ली में सोनिया विहार और जगतपुर के बीच यमुना नदी (राष्ट्रीय जलमार्ग 110) में चार किलोमीटर के हिस्से को क्रूज पर्यटन के लिए विकसित किया जाएगा। इसके लिए आज भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई), राष्ट्रीय जलमार्गों के लिए बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय की नोडल एजेंसी ने सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी), दिल्ली परिवहन निगम(डीटीसी) सहित दिल्ली सरकार की कई एजेंसियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
असिता पार्क में आयोजित एक समारोह में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर की औपचारिकता पूरी की गई। इसमें दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर के साथ-साथ बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के सचिव टीके रामचंद्रन और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
इस अवसर पर सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, “प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में भारत के जलमार्गों ने दशकों की उपेक्षा के बाद एक परिवर्तनकारी पुनरुद्धार देखा है। टिकाऊ और आधुनिक अंतर्देशीय जल परिवहन के लिए उनका दूरदर्शी प्रयास वास्तव में अद्भुत रहा है - जिसने सम्भावनाओं को प्रगति में बदल दिया है। यमुना पर पर्यावरण के अनुकूल क्रूज पर्यटन की शुरुआत इस यात्रा में एक और मील का पत्थर है, जो स्वच्छ, हरित और अधिक कुशल जलमार्गों का मार्ग प्रशस्त करता है, जो दिल्ली के दिल में कनेक्टिविटी और पर्यटन दोनों को बढ़ावा देगा। वर्षों से दिल्ली के लोग यमुना पर गंदगी और उपेक्षा को देखकर दुखी थे लेकिन यह पहल काफी समय से लंबित सुधार की शुरुआत है। इन क्रूज़ के लॉन्च के साथ दिल्लीवासियों के साथ-साथ राजधानी में आने वाले पर्यटकों को एक बार फिर अपनी नदी से प्यार हो जाएगा, और वे इसकी सुंदरता का अनुभव उस तरह से करेंगे, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी।”
इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में यमुना के सोनिया विहार-जगतपुर खंड को पर्यावरण के अनुकूल क्रूज़ संचालन के केंद्र में बदलना है। टिकाऊ और प्रदूषण रहित जल परिवहन सुनिश्चित करने के लिए इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड बोट, जिनमें से प्रत्येक 20-30 यात्रियों को ले जाने में सक्षम है, उनको नदी क्रूज़ जहाजों के रूप में तैनात किया जाएगा। इन नावों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए बायो-टॉयलेट, सार्वजनिक घोषणा प्रणाली और लाइफ़ जैकेट की सुविधा होगी।
इसके अतिरिक्त भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण सुचारू फ़ेरी संचालन की सुविधा के लिए दो एचडीपीई जेटी स्थापित करेगा। यह परियोजना वज़ीराबाद बैराज के ऊपर राष्ट्रीय जलमार्ग 110 (राष्ट्रीय जलमार्ग-110) पर छोटी दूरी की नेविगेशन और मनोरंजक गतिविधियों को बढ़ावा देगी। साथ ही हरित और टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देगी। अंतर्देशीय जल परिवहन को मज़बूत करने के अलावा इस पहल से यमुना के किनारे पर्यावरण के अनुकूल यात्रा अनुभव प्रदान करके दिल्ली के पर्यटन परिदृश्य को फिर से परिभाषित करने की उम्मीद है। दिल्ली के जगतपुर से प्रयागराज में गंगा के संगम तक यमुना नदी का विस्तार, जो दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 1,089 किलोमीटर तक फैला है, उसको 2014 में राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया था।दिल्ली सरकार के साथ साझेदारी से शहरी जल परिवहन मजबूत होगा, पर्यावरण अनुकूल क्रूज पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा यात्रा के अनुभव में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज यमुना के पास यह पार्क और यमुना नदी में फेरी और क्रूज़ की सुविधा दिल्ली में पर्यटन के लिए एक नया आयाम साबित होगा। उन्होंने कहा कि पहले, जो लोग सत्ता में थे, उन्होंने दिल्ली के विकास को रोकने की कोशिश की, लेकिन दिल्लीवासियों के फैसले ने उन्हें रोक दिया है। जनता ने हमें चुनाव में जो आशीर्वाद दिया है उसका फल दिल्ली की जनता को मिलने लगा है। यदि डबल इंजन की सरकार नहीं होती तो यह सब संभव नहीं होता। ऐसा लग रहा है कि दिल्ली का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। रेखा गुप्ता ने कहा, 'जल्द ही दिल्ली के लोग यमुना के किनारे बैठकर बनारस की गंगा आरती की तरह भव्य यमुना आरती देखेंगे।'
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दधिबल यादव