गोयल ने भारत-ओमान मुक्त समझौता एक जून से लागू होने की संभावना जताई
- DSS Admin
- May 12, 2026

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को भारत और ओमान के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) 1 जून से लागू होने की उम्मीद जताई है। इस समझौते पर दिसंबर, 2025 में हस्ताक्षर किए गए थे।
गोयल ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज ओमान के वाणिज्य, उद्योग और निवेश संवर्धन मंत्रालय में विदेश व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के सलाहकार पंकज खिमजी के साथ एक सार्थक बैठक हुई। संभावना है कि ओमान मुक्त व्यापार समझौता एक जून, 2026 से लागू हो जाएगा। ओमान की टीम व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए भारत आई हुई है।
बैठक में चर्चाओं का मुख्य केंद्र भारत-ओमान आर्थिक सहयोग को सुदृढ़ करना, कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स संबंधों को बेहतर बनाना, व्यापार प्रवाह को सुगम बनाना और भारत-ओमान (सीईपीए) ढांचे के तहत द्विपक्षीय साझेदारी के नए अवसरों की तलाश करना रहा।
भारत और ओमान के साथ समझौते के तहत वस्त्र, कृषि उत्पाद और चमड़े के सामान समेत भारत के 98 फीसदी निर्यात को ओमान में शुल्क मुक्त पहुंच होगा। दूसरी तरफ, भारत खजूर, संगमरमर और पेट्रोरसायन उत्पादों जैसे ओमान के उत्पादों पर शुल्क कम करेगा।
---------------

