एमसीबी : जनदर्शन में उमड़ी लोगों की भीड़, कलेक्टर ने सुनीं फरियादें, त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के दूरस्थ अंचलों से आए नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को 'जनदर्शन' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और आम जनता ने अपनी मांगें एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक आवेदक की समस्या को पूरी गंभीरता से सुना गया।

कलेक्टर ने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि, आमजन की समस्याओं का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निपटाने और हर प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, सड़क निर्माण, लंबित भुगतान, अवैध शराब की बिक्री और नियुक्तियों जैसे विभिन्न गंभीर मामले सामने आए। राजस्व, कानून-व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा, बैंकिंग, शिक्षा और रोजगार से जुड़े इन आवेदनों पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए।

शिकायतों का सिलसिला क्षेत्रवार और व्यक्तिगत समस्याओं पर केंद्रित रहा। चिरमिरी की हसीना बेगम ने नल कनेक्शन और बेबी अंसारी ने अवैध नल कनेक्शन की शिकायत दर्ज कराई, वहीं अर्चना खन्ना ने स्थानांतरण की मांग की। मनेंद्रगढ़ की सुशीला ने दुकान आवंटन और बेचू बंसल ने आवागमन मार्ग पर सेप्टिक टैंक का गंदा पानी बहाए जाने की समस्या से प्रशासन को अवगत कराया। भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों में माड़ीसरई के मुन्नाराम ने बिना सहमति बंटवारे, पतवाही के लल्लाराम यादव, मनमोहन सिंह (बंजी) सहित प्रदीप तिग्गा, राजू, मिंटू, सुखसेन, चंद्रवती और ठाकुर दयाल ने भूमि संबंधी विवादों के निपटारे के लिए आवेदन दिए।

इसके अतिरिक्त, ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्थागत खामियों को लेकर भी आवाज उठाई। प्रभा ने बैंक खाते पर लगे होल्ड को हटाने, राम प्रसाद (डंगौरा) ने धान विक्रय की राशि के भुगतान और मुकेश एवं लालसाय ने पात्रता के बावजूद प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की। ग्राम पिपरिया के सरपंच ने डीएमएफ मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों के भुगतान की मांग रखी, तो वहीं सीताशरण साहू (उजियारपुर) ने निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच और महाराजपुर टोल प्लाजा के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्थानीय ग्रामीणों को टोल टैक्स में छूट देने का आग्रह किया। बुनियादी ढांचे के विकास के तहत बेलबहरा की केश कुमारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मार्ग निर्माण की मांग की, जबकि शिव कुमारी (बौरीडांड) ने आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नियुक्ति की गुहार लगाई। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मोहल्लेवासियों ने एकजुट होकर अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने इन सभी मामलों पर विभागीय अधिकारियों को गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक बेहद प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए लोगों की समस्याओं को सीधे समझा और सुलझाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रत्येक प्रकरण के निराकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी, इसलिए अधिकारी समय-सीमा के भीतर ही सभी शिकायतों का न्यायपूर्ण समाधान निकालना सुनिश्चित करें।

---------------

   

सम्बंधित खबर