पूर्वी सिंहभूम, 15 जून (हि.स.)। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की ओर से कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम जिला संगठन विस्तार और पुनर्गठन को लेकर सोमवार को महतो भवन, गालूडीह घाटशिला में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी 11 प्रखंडों और छह विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी। इस दौरान पूर्वी सिंहभूम में जेएलकेएम सहित प्रदेश में संगठन विस्तार को लेकर जल्द 51 जिला स्तरीय पदाधिकारी घोषित होंगे।
इस अवसर पर मोर्चा के वरीय उपाध्यगक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में है, इसलिए प्रत्येक पंचायत और बूथ तक संगठन को सशक्त और सक्रिय बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिला संगठन के पुनर्गठन के तहत जिला अध्यक्ष, महासचिव, सचिव, वरीय उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, प्रवक्ता और कार्यकारिणी सदस्य सहित कुल 51 जिला स्तरीय पदाधिकारियों की सूची जल्द जारी की जाएगी। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि संगठन का लक्ष्य जनता की आवाज को मजबूती देना, युवाओं को नेतृत्व से जोड़ना तथा झारखंड के स्वाभिमान, अधिकार और विकास के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना है।
बैठक में कोल्हान प्रमंडल जिला पुनर्गठन प्रभारी सह केन्द्रीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो, संतोष महतो केंद्रीय सचिव, मार्शल महतो, संतोष सिंह, रवि महतो सहित संगठन के कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------

