उज्ज्वला योजना के सिलेंडर में कटौती कर केंद्र ने किया गरीबों की रसोई पर हमला : ऋषीकेश
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
रांची, 09 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव सह प्रदेश प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उसकी नीतियों का सबसे बड़ा बोझ देश के गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों पर पड़ता है। एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी के बीच सरकार ने चुपचाप प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रियायती सिलेंडरों की संख्या 09 से घटाकर केवल 04 कर दी है। यह फैसला सीधे-सीधे गरीब परिवारों की रसोई पर आर्थिक हमला है।
ऋषीकेश ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़े पैमाने पर प्रचार कर महिलाओं को धुएं वाले चूल्हों से मुक्ति दिलाने का वादा किया था और साल में 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर देने की बात कही थी।
लेकिन पहले 12 से घटाकर 00 और अब 09 से घटाकर केवल 04 सिलेंडर कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना का प्रचार हर पेट्रोल पंप, चौक-चौराहे और सरकारी विज्ञापनों में किया गया, लेकिन आज वही सरकार गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर भरवाने लायक भी नहीं छोड़ रही है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि यदि किसी परिवार को साल में 09 की जगह केवल 04 सिलेंडर पर सब्सिडी मिलेगी तो बाकी 05 सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदने पड़ेंगे, जिससे प्रत्येक परिवार पर लगभग 1,500 रुपये का अतिरिक्त वार्षिक बोझ पड़ेगा। सरकार स्वयं दावा करती है कि देश में लगभग 10.5 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन दिए गए हैं। इस हिसाब से गरीब परिवारों की जेब से करीब 15,750 करोड़ रुपये अतिरिक्त निकालने की तैयारी की गई है। यह गरीबों की सहायता नहीं, बल्कि गरीबों से वसूली है।
---------------

