जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर ताजा हिमपात, मैदानी इलाकों में भारी बारिश
- DSS Admin
- May 21, 2026
श्रीनगर, 21 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर ताजा हिमपात हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में गुरुवार तड़के भारी बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट आई। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा स्थित सीमावर्ती गुरेज सेक्टर, श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जोजिला दर्रा और सोनमर्ग में हिमपात हुआ। घाटी के ऊंचे इलाकों की कुछ अन्य चोटियां भी बर्फ की चादर से ढक गईं।
ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई। बुधवार देर रात भारी बारिश और गरज के साथ हुई आंधी से बांदीपोरा जिले में एक सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कई घरों में पानी और कीचड़ घुस गया। बारिश के कारण इलाके में जलभराव और कीचड़ का बहाव भी हुआ जिससे आवागमन बाधित हुआ। बारिश और बर्फबारी से कश्मीर में चल रही भीषण गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार और शुक्रवार को कई स्थानों पर तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। विभाग के अनुसार दोपहर के समय मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है जबकि दोपहर बाद छिटपुट स्थानों पर 25 मई तक हल्की बारिश हो सकती है।
---------------

