भाजपा ने हरियाणा में लगातार तीसरी बार जीत की खुशी में शहीद चौक पर मनाया जश्न

कटिहार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में मंगलवार शाम को शहीद चौक पर हरियाणा विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत की खुशी में जश्न मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अबिर गुलाल और मिठाई बांटकर खुशी मनाई।

जिला अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोक-कल्याणकारी नीतियों, मुख्यमंत्री नायब सैनी के कुशल नेतृत्व और डबल इंजन की भाजपा सरकार की शक्ति पर हरियाणा की जनता के विश्वास की मुहर है। उन्होंने कहा कि यह जीत 'विकसित हरियाणा-विकसित भारत' की संकल्पना की सिद्धि को समर्पित है।

सदर विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि हरियाणा की जनता ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को जनादेश देकर राज्य के विकास की गति को सुनिश्चित किया है। उन्होंने जम्मू कश्मीर की जनता का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि भाजपा ने जम्मू कश्मीर में भी शानदार प्रदर्शन किया है।

इस अवसर पर जिला महामंत्री वीरेंद्र यादव, सौरभ कुमार मालाकार, जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश गुड्डू, दिलीप वर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री सीमा झा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि यह जीत राज्य के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि भाजपा राज्य के विकास के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगी। इस जश्न के साथ भाजपा ने हरियाणा की जनता का आभार व्यक्त किया और राज्य के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

   

सम्बंधित खबर