कोरबा जनदर्शन में उमड़ी लोगों की भीड़, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
कोरबा, 08 जून (हि. स.)। जिले के आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण इलाकों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न मांगों, शिकायतों और समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान नागरिकों ने भूमि एवं राजस्व विवाद, वनाधिकार पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि, पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ, महतारी वंदन योजना से जोड़ने, राशन कार्ड बनवाने, सीमांकन, खाता विभाजन, बिजली व्यवस्था में सुधार, पेयजल आपूर्ति सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन सौंपे। कार्यक्रम में कुल 154 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील तरीके से परीक्षण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, इसलिए किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब न किया जाए।
कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे प्राप्त आवेदनों पर नियमित निगरानी रखें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जनदर्शन कार्यक्रम में अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल, अपर कलेक्टर ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों की प्राथमिक जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिले में आयोजित इस जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से एक बार फिर प्रशासन ने नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए त्वरित समाधान की दिशा में पहल की है। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया।

