भारतीय जनता पार्टी एक कैडर आधारित पार्टी : राजीव भारद्वाज
- Admin Admin
- Apr 09, 2025

धर्मशाला, 09 अप्रैल (हि.स.)।कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डॉ राजीव भारद्वाज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कैडर आधारित पार्टी है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के अनुसार ही कार्य करता है। किसी का पद छोटा बड़ा नहीं होता बल्कि पार्टी द्वारा दिए गए पद पर कार्यकर्ता अपना काम करता है। उन्होंने यह बात बुधवार को पालमपुर विधानसभा के दोनों मंडलों के सक्रिय सदस्यों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि आप सक्रिय सदस्य नहीं बल्कि पार्टी के योद्धा हैं। राजीव भारद्वाज ने कहा कि मौजूदा हिमाचल की कांग्रेस सरकार के अढाई साल पूरे हो चुके हैं अब सरकार नीचे की ओर उतरना शुरू हो गई है और सबसे बड़ी बात यह है कि इस सरकार की ब्रेक फेल हो चुकी हैं। इसलिए भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता अगला चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हो जाए। इस बार कांगड़ा चंबा लोकसभा की 17 की 17 सीटें भारतीय जनता पार्टी कैसे जीते इस पर वह स्वयं और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता काम करे।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र की टीम आज पार्टी द्वारा दिए गए हर कार्य में या तो पहले स्थान पर आ रही है या फिर कहीं न कहीं पहले पांच स्थानों में अपनी जगह बना रही है। चाहे वह पार्टी का प्राथमिक सदस्यता अभियान हो, सक्रिय सदस्यता अभियान हो, मन की बात का कार्यक्रम हो, या फिर बूथ स्तर पर पार्टी के स्थापना पर्व का कार्यक्रम हो, पालमपुर विधानसभा के कार्यकर्ता हर जगह बढ़-चढ़कर अपना योगदान दे रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की भी कार्यकर्ताओं को जानकारी दी और कहा कि 13 अप्रैल से लेकर 25 अप्रैल तक डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनके कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 14 अप्रैल को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा में फूल माला अर्पित करके उनको श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ विधानसभा में उस दिन डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया