खाकी पहनने के मकसद से वीरवार से धर्मशाला में दमखम दिखाएंगे युवा

धर्मशाला, 19 फ़रवरी (हि.स.)। खाकी को अपने जीवन का लक्ष्य बनाने के मकसद से कल वीरवार से जिला कांगड़ा के युवा पुलिस मैदान धर्मशाला में दमखम दिखाएंगे। मौका है धर्मशाला के नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुलिस मैदान में पुलिस भर्ती का। वीरवार से सुबह सात बजे से कांगड़ा के युवाओं के लिए पुलिस भर्ती शुरू हो रही है। पुरुष वर्ग की भर्ती के पहले दिन बुलाए गए 2250 के करीब युवा भर्ती प्रक्रिया में भाग लेंगे।

उम्मीदवारों को अपने साथ एडमिट कार्ड व फॉटोकॉपी सहित सभी दस्तावेजों की मूल प्रति, दो फोटोग्राफ साथ लाने होंगे। पुलिस विभाग की ओर से बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ब्रीफिंग भी हुई। इसके साथ ही पुलिस मैदान में आईजी नोर्थ जोन की अध्यक्षता में शारीरिक क्वालिफाई परीक्षा की सभी तैयारियों को परखा गया। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों व पुलिस जवानों को भर्ती प्रक्रिया से संबंधी डयूटियों का आंबटन व सही प्रकार से संचालन के दिशा-निर्देश जारी किए गए।

हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के 1088 पदों पर भर्ती प्रक्रिया गुरूवार से शुरू हो जाएगी। हिमाचल प्रदेश के नोर्थ रेंज के तहत जिला कांगड़ा में भर्ती प्रक्रिया का आयोजन गुरूवार 20 फरवरी से 11 मार्च तक किया जाएगा। जिला कांगड़ा में इस बार 30 हज़ार 638 युवाओं ने आवेदन किया है। जिसमें 22 हज़ार 431 पुरुष और आठ हज़ार 207 महिलाएं शामिल हैं। शारीरिक एवं मैदानी परीक्षा के दौरान विभिन्न कार्यों व व्यवस्था जिम्मा सभांलने वाले अधिकारियों व जवानों की डयूटियां लगाई गई हैं।

पुलिस विभाग कांगड़ा नोर्दन रेंज के तहत आने वाले उम्मीदवारों को लोक सेवा आयोग की ओर से पहले ही ई-प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं। ई-प्रवेश पत्र न मिलने की स्थिति में प्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग से संपर्क कर सकते हैं। इस बार पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत एक सौ मीटर की दौड़ भी शामिल है। साथ ही युवाओं का डोप टेस्ट भी होगा। चूंकि यह भर्ती नशे के विरुद्ध कमांडो फोर्स के रूप में हो रही है। सुनिश्चित किया जाएगा कि भर्ती होने वाले युवाओं को किसी तरह के नशे की लत न हो। शैडयूल के तहत पहले दिन गुरूवार से एक मार्च तक रोजाना 2250 पुरूष अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। जबकि 26 फरवरी को शिवरात्रि के पर्व के चलते भर्ती प्रकिया को लेकर भी अवकाश रहेगा। साथ ही 27 से दो मार्च तक 2250 पुरूष उम्मीदवार प्रतिदिन ग्रांउड पास करने के लिए दमखम दिखाएंगे। दो मार्च को 2181 पुलिस अभ्यर्थी खाकी के लिए मैदान की बाधा पार करने को बुलाए जाएंगे।

पुलिस कांस्टेबल भर्ती में महिला वर्ग के लिए तीन मार्च से ग्राउंड टेस्ट का आयोजन होगा। तीन से पांच मार्च तक रोजाना 2052 महिला वर्ग को मैदान में बाजी मारने के लिए पसीना बहाना होगा। इसके साथ ही छह मार्च को 2051 महिला मैदान पर बाधाओं को पार करने के लिए आपस में प्रतिस्पर्धा करेंगी। जबकि सात मार्च को ग्राउंड टेस्ट के परिणामों की तैयारियां की जाएंगी। इसके अलावा नॉर्थ रेंज की ओर से नौ, 10 व 11 मार्च को रिजर्व-डे के रूप में छूटे हुए उम्मीदवारों को विशेष मौके रखे गए हैं। जिसमें प्रशासनिक, मौसम खराब व अन्य गंभीर स्थिति में न पहुंचने वाले उम्मीदवारों को मैदानी व शारीरिक परीक्षण का मौका प्रदान किया जाएगा।

उधर, एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल पदों की भर्ती के लिए ब्रीफिंग के बाद ड्यूटी निर्धारित कर दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुरूवार सुबह सात बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।

अभ्यर्थियों को ऐसे मिलेंगे 10 अंक

फिजिकल टेस्ट में पास होने वालों को लिखित परीक्षा देनी होगी। सुबह सात बजे से पहुंचने वाले उम्मीदवारों की सबसे पहले रजिस्ट्रेशन व दस्तावेजों की जांच की जाएगी। नेशनल कैडेटस कौर एनसीसी के चार अंक होंगे, जबकि लंबाई में पुरूष की छह फुट व महिला की पांच फुट आठ ईंच हाईट के छह अंक होंगे। इसी तरह से विभिन्न लंबाई वर्ग में छह अंकों का वर्गीकरण किया गया है। पुरूष की पांच फुट सात इंच व महिला की पांच फुट तीन ईंच तक एक-एक अंक रहेगा। न्यूनतम लंबाई पुरूष सामान्य वर्ग में पांच फुट छह ईंच व महिला में पांच फुट दो ईंच जबकि एससी-एसटी, गोरखा व स्पोर्टस कैटेगिरी में पांच फुट चार ईंच व महिला में पांच फुट रहेगी। पुरूषों की छाती माफ भी किया जाएगा।

ये मैदानी परीक्षा करनी होगी क्वालिफाई

क्वालिफाई मैदानी परीक्षा में एक सौ मीटर रेस पुरूष को 14 सेकेंड व महिला को 17 सेकेंड, 1600 मीटर दौड़ पुरूष को पांच मिनट 30 सेंकेड व आठ सौ मीटर की रेस महिला को तीन मिनट 45 सेकेंड में पूरी करनी होगी। सौ मीटर की दौड़ 17 सेकेंड में पूरी करनी होगी। साथ ही हाई जंप 1.35 मीटर तीन प्रयासों में व महिलाओं को 1.10 मीटर, लांग जंप पुरूष चार व महिला तीन मीटर भी करवाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर