पालमपुर के जिया में शिकारियों ने मार डाले हिमालयन थार, पांच गिरफ्तार
- Admin Admin
- Mar 12, 2025

धर्मशाला, 12 मार्च (हि.स.)। कांगड़ा जिला के पालमपुर में हिमालयन थार के अवैध शिकार का बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने पालमपुर उपमंडल के जिया क्षेत्र में 5 शिकारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग की टीम द्वारा गिरफ्तार शिकारियों से हथियार और हिमालयन थार के मास के टुकड़ों सहित गर्दन से अगला हिस्से मुंह समेत बरामद किए गए हैं। प्रदेश में हिमालयन थार के शिकार का अब तक का यह सबसे बड़ा मामला बताया जा रहा है।
वन विभाग को पालपुर के जिया क्षेत्र में लगातार अवैध शिकार की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद रेंज ऑफिसर पालमपुर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मंगलवार रात गश्त पर निकली। इस दौरान टीम ने एक पिकअप गाड़ी (HP-IT-44446) को रोका। इसकी जब तलाशी ली गई तो पिकअप से हिमालयन थार का मांस, एक डबल बैरल राइफल और दूसरे हथियार भी मिले। पकड़ी गई गाड़ी एक पावर प्रोजेक्ट से संबंधित बताई जा रही है।
पालमपुर के रहने वाले आरोपी
अवैध शिकार के मामले ने पकड़े गए आरोपियों में चार शिकारी और एक पिकअप ड्राइवर शामिल है। आरोपियों की पहचान विजय कुमार व विपिन कुमार गांव जिया, आशीष कुमार और यशपाल गांव चकान तथा संतोष कुमार गांव चिम्बलहार के रूप में हुई है।
हिमालयन थार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 में शामिल है। इनके शिकार पर पूरी तरह प्रतिबंध है। यह जानवर हिमालयी क्षेत्रों में पाया जाता है। डीएफओ वन्य प्राणी शाहनवाज अहमद ने बताया कि वाइल्ड लाइफ एक्ट में इनका शिकार करने पर 3 से 7 साल की सजा का प्रावधान है। इसके साथ 3 हजार रुपए जुर्माना लगाने का प्रावधान है।
क्यों करते हैं इसका शिकार
हिमालयन थार का शिकार मुख्यत इनका मांस खाने के लिए करते है। बताया जा रहा है कि इनकी खाल को भी बेचा जाता है। इससे गारमेंट बनाए जाते हैं। इसी तरह हिमालयन थार के सींग या मुंह के अगले हिस्से को कुछ लोग अपने घरों में डेकोरेशन के लिए भी टांग देते है। इसी मकसद से कुछ लोग इनका शिकार करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया