नूरपुर में कार सवार दो युवकों से 1.345 किलोग्राम चरस बरामद, गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
धर्मशाला, 04 जून (हि.स.)। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए नूरपुर ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने हरड़ पुल के समीप नाकाबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चरस बरामद कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों को पहचान अश्वनी कुमार (38 वर्ष) पुत्र प्रकाश चंद, निवासी गांव व डाकघर-भाली, तहसील व थाना-जवाली, जिला-कांगड़ा तथा सुनील राणा उर्फ ईशु (29 वर्ष) पुत्र जगरूप सिंह, निवासी गांव व डाकघर-सहवां, तहसील व थाना-शाहपुर, जिला-कांगड़ा के रूप में हुई है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि यह कामयाबी गुप्त सूचना के आधार पर उस समय मिली जब सीआईए टीम हरड़ पुल के पास तैनात थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध ऑल्टो कार (नंबर एचपी 40ए-7048) की स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई जिसमें कार की चालक सीट के नीचे छुपाकर रखा गया एक काला प्लास्टिक का लिफाफा बरामद हुआ। जब उसे खोलकर जांचा गया, तो उसमें से कुल 1.345 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस टीम ने मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को तुरंत कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस संदर्भ में पुलिस थाना नूरपुर में आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा इस अवैध नेटवर्क के मुख्य स्रोतों और अन्य कड़ियों को खंगालने के लिए मामले की आगामी तफ्तीश गहनता से अमल में लाई जा रही है।

