कटिहार में सैनिक कल्याण कार्यालय शुरू, 4 जिलों के जवानों को सीधा लाभ

कटिहार, 10 जून (हि.स.)। सीमांचल के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। कटिहार के अनुमंडल कार्यालय परिसर में नवसृजित 'जिला सैनिक कल्याण कार्यालय' का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी द्वारा किया गया।

इस कार्यालय के शुरू होने से अब कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जिले के लगभग 15 हजार सैनिक परिवारों को पेंशन, दस्तावेज सत्यापन या शिकायत निवारण के लिए भागलपुर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। सभी आवश्यक सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर ही मिलेंगी, जिससे उनके समय, श्रम और धन की बचत होगी।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि सैनिक केवल सीमा के प्रहरी नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा, अनुशासन और समर्पण के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय उन वीर जवानों के सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र रक्षा को समर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान डीएम को मधुबनी पेंटिंग की चादर भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता कर रहे जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल संजय कुमार ने इसे गर्व का पल बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के लिए सहायता एवं मार्गदर्शन केंद्र के रूप में कार्य करेगा और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करेगा।

इस समारोह में बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे, जिनमें 182 भूतपूर्व सैनिक, 3 वीर नारियां और 15 विधवाएं शामिल थीं। उपस्थित पूर्व सैनिकों ने इसे जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। कार्यक्रम के सफल संचालन में कटिहार जिला प्रशासन, 35 बिहार बटालियन एनसीसी और लोकल आर्मी यूनिट का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर अपर जिला दंडाधिकारी विनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न सिंह यादव, डीएलएसए सचिव कमलेश कुमार सिंह, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के नोडल पदाधिकारी शशि भूषण शशि और जिला विधि प्रशाखा-सह-जनसंपर्क के प्रभारी पदाधिकारी ओम अशोक रंजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर