खड़गपुर बीडीओ कार्यालय में पंचायत समिति सदस्य के खिलाफ जन प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
खड़गपुर, 08 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर-1 प्रखंड के सतकुई क्षेत्र स्थित बीडीओ कार्यालय में बुधवार को पंचायत समिति सदस्य नव दास के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि तृणमूल समर्थित पंचायत समिति सदस्य नव दास लंबे समय से केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा डाल रहे हैं। आरोप यह भी लगाया गया कि सरकारी अधिकारियों पर दबाव बनाकर योजनाओं के संचालन में व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा था।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार की अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ आम लोगों तक न पहुंचे, इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इससे वर्तमान सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आक्रोशित लोगों ने नव दास को धक्के देकर बीडीओ कार्यालय से बाहर निकाल दिया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि भविष्य में उन्हें कार्यालय परिसर में नहीं देखा जाना चाहिए।
हालांकि, इन आरोपों पर पंचायत समिति सदस्य नव दास की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।
खबर लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
---------------

