लोकसभा अध्यक्ष ने दिल्ली के विधायकों से विधानसभा को आदर्श विधानसभा बनाने का किया आग्रह



नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज दिल्ली विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों से इसे आदर्श विधानसभा बनाने का आग्रह किया, क्योंकि नई सरकार से लोगों को बहुत अधिक अपेक्षाएं हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जनप्रतिनिधि दिल्ली की जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं, लेकिन उनके कार्यों पर पूरे देश की नज़र रहती है।

बिरला आज दिल्ली विधानसभा परिसर में विधानसभा सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली विधानसभा और लोकसभा सचिवालय के संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) द्वारा किया जा रहा है।

सदस्यों से लोगों की समस्याओं के नए समाधान खोजने और प्रतिस्पर्धी भावना से विचारों और अनुभवों को साझा करने का आग्रह करते हुए बिरला ने कहा कि विधायकों को विधानसभा में ऐसे नवाचार प्रस्तुत करने चाहिए, जिससे लोगों की समस्याओं का हल निकले और उनके सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान हो। दिल्ली से निकलने वाले समाधान न केवल दिल्ली के काम आएंगे, बल्कि देश के अन्य राज्यों और विधायी निकायों के लिए भी एक उदाहरण बनेंगे।

बिरला ने सुझाव दिया कि सदस्यों को अपने निर्वाचन क्षेत्रों तक सीमित रहकर सोचने के बजाय पूरी दिल्ली के विकास पर ध्यान देना चाहिए। दिल्ली को भारत का लघु रूप बताते हुए बिरला ने कहा कि यहां सभी राज्यों से विभिन्न भाषाओं, धर्मों और संस्कृतियों के लोग आते हैं, और उनकी अलग-अलग आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करना निर्वाचित प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि सदस्यों को लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करते समय लोकतांत्रिक भावना और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखते हुए सदन के नियमों, प्रक्रियाओं और परंपराओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने विधानमंडल को कायपालिका की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अधिक प्रभावी मंच बनाने के लिए टेक्नालोजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और सदस्यों के क्षमता निर्माण पर भी जोर दिया।

विधानमंडलों को सार्थक संवाद का मंच बताते हुए बिरला ने कहा कि सदन में किसी भी प्रकार का गतिरोध नहीं होना चाहिए तथा असहमति को गरिमापूर्ण ढंग से तथा सार्थक संवाद के माध्यम से व्यक्त किया जाना चाहिए। अध्यक्ष ने सदस्यों से सार्वजनिक जीवन में आचरण तथा नैतिकता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का आग्रह किया।

इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, नेता विपक्ष आतिशी, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट भी उपस्थित थे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री, दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद और विधानसभा के सदस्य भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

   

सम्बंधित खबर