भारत-रूस संबंध पूरी दुनिया के लिए सहयोग व राजनय का उत्कृष्ट उदाहरणः ओम बिरला

- लोकसभा अध्यक्ष बिरला से मिला रूसी संसदीय शिष्टमंडल

नई दिल्ली, 3 फरवरी (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज कहा कि भारत और रूस के बीच समय की कसौटी पर खरी उतरी घनिष्ठ मित्रता पूरी दुनिया के लिए सहयोग और राजनय का उत्कृष्ट उदाहरण है। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और गहरी दोस्ती के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हमारे द्विपक्षीय संबंध मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध सदियों पुराने हैं और स्वतन्त्रता प्राप्ति के बाद से ही रूस भारत का सबसे करीबी सहयोगी रहा है।

बिरला ने ये टिप्पणियां रूसी संघ की फेडरल एसेम्बली के स्टेट ड्यूमा के चेयरमैन व्याचेस्लाव वोलोडिन के नेतृत्व में भारत यात्रा पर आए रूसी संसदीय शिष्टमंडल से आज संसद भवन परिसर में मुलाकात के दौरान की। वर्ष 2024 में ब्रिक्स की अध्यक्षता के लिए रूस को बधाई देते हुए और 2024 में सेंट पीटर्सबर्ग में ब्रिक्स संसदीय शिखर सम्मेलन में भागीदारी का उल्लेख करते हुए बिरला ने संसदीय प्रक्रियाओं को मजबूत करने और दोनों देशों के परस्पर संबंधों को मजबूत करने में संसदीय आदान-प्रदान के महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने हर्ष व्यक्त किया कि रूसी शिष्टमंडल ने लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही देखी। उन्होंने शिष्टमंडल को बताया कि वर्तमान में बजट सत्र चल रहा है। बिरला ने भारत की संसदीय समिति प्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ये समितियां लघु संसद के रूप में कार्य करते हुए बजटीय मामलों तथा प्रमुख मुद्दों की विस्तारपूर्वक जांच करती हैं। बिरला ने भारत तथा रूस की संसदों के बीच सहयोग पर भी प्रकाश डाला तथा अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू), ब्रिक्स संसदीय मंच तथा जी-20 जैसे बहुपक्षीय मंचों सहित विभिन्न स्तरों पर हुए संवाद का उल्लेख किया।

वहीं अपने संबोधन में व्याचेस्लाव वोलोडिन ने अपने शिष्टमंडल के गर्मजोशी से किए गए स्वागत-सत्कार के लिए बिरला को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत-रूस के बीच दीर्घकालिक साझेदारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच घनिष्ठ संबंधों के कारण और मजबूत हो रही है। उन्होंने भारत की उल्लेखनीय आर्थिक विकास की सराहना करते हुए कहा कि भारत वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने भारत और रूस के लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों के बारे में बात की, जिससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हुए हैं। इस बैठक में संसद सदस्य डॉ. संजय जायसवाल, अपराजिता सारंगी, कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, डॉ. शशि थरूर तथा लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह भी शामिल हुए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

   

सम्बंधित खबर