मनरेगा भ्रष्टाचार आरोप में तृणमूल नेता को ग्रामीणों ने पहनाई जूते की माला, सिर मुंडवाकर घुमाया

कोलकाता, 07 जून (हि. स.)। हावड़ा जिले के श्यामपुर इलाके में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) में कथित भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा बवाल सामने आया है। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता को ग्रामीणों ने घेरकर न केवल विरोध प्रदर्शन किया, बल्कि उनके साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार भी किया गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तृणमूल नेता सन्न्यासी मान्ना पर लंबे समय से मनरेगा योजना के तहत धन के वितरण में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे थे। ग्रामीणों का दावा है कि कई शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से उनमें नाराजगी बढ़ती गई, जो रविवार को हिंसक प्रदर्शन में बदल गई।

आरोप है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर सन्न्यासी मान्ना के घर पहुंचे और उन्हें घेर लिया। इसके बाद भीड़ ने कथित रूप से उनका सिर मुंडवा दिया, उनके गले में जूतों की माला डाल दी और कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाया।

घटना के दौरान इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गरीबों के हक के पैसों में कथित गड़बड़ी को लेकर लंबे समय से आक्रोश था और कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

सूचना पाकर श्यामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने भीड़ से नेता को सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया।

इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव भी बढ़ गया है। हालांकि अब तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को इकट्ठा किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर