मथुरा : प्रेमी ने प्रेमिका को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, हालत गंभीर
- Admin Admin
- Mar 11, 2025

मथुरा, 11 मार्च(हि.स.)। फरह थाना क्षेत्र के गांव कोह में मंगलवार दोपहर एक युवक लहंगा पहनकर अपनी प्रेमिका के घर में घुसा और उसे पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया और स्वयं भी जल गया। घटना से गांव में हडकंप मच गया। उस वक्त घर में कोई नहीं था। महिला का पति खेत पर गया था और बच्चे स्कूल गए हुए थे। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े तो युवक भागने के दौरान छत से गिर गया। ग्रामीणाें ने युवक काे पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल भेजा गया है।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे गांव कोह में रहने वाली रेखा का पति संजू खेत पर गया था। दो बच्चे स्कूल गए थे, रेखा घर में अकेली थी। तभी उसका प्रेमी हरियाणा के हसनपुर निवासी उमेश महिला के वेश में लहंगा पहनकर छत के रास्ते रेखा के घर में घुस गया। यहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने रेखा के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी आग की लपटों में उमेश भी झुलस गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और भाग रहे उमेश को पकड़ लिया। उसे पीटकर अधमरा कर दिया।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई, रेखा को अस्पताल भेजा गया। परिजनों ने बताया कि उमेश रेखा की जेठानी का भाई है। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब पांच माह पूर्व उमेश रेखा को भगाकर ले गया था। बाद में पुलिस ने उसे एक माह पूर्व नैनीताल से बरामद किया। तब से रेखा ने उमेश से बातचीत बंद कर दी थी। इसी खुन्नस में उसने इस घटना को अंजाम दिया। भागने के दौरान युवक छत से गिरने और ग्रामीणों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद घटनास्थल पर पुलिस व एंबुलेंस पहुंच गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार