भारतीय जहाज 'इम्फाल' मॉरीशस की परेड में हिस्सा लेगा, पीएम मोदी होंगे मुख्य अतिथि


 

 

- इसी जहाज से भारतीय मार्चिंग टुकड़ी, नौसेना बैंड और हेलीकॉप्टर को उतारा जाएगा

नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। भारतीय नौसेना का जहाज 'इम्फाल' सोमवार को मॉरीशस की राजधानी पोर्ट लुइस के बंदरगाह पर पहुंच गया है। यह जहाज 12 मार्च को 57वें मॉरीशस राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लेगा। भारतीय जहाज की यह यात्रा मॉरीशस राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लेने वाले भारतीय युद्धपोतों और विमानों की परंपरा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित की गई है। इसी जहाज से परेड में फ्लाईपास्ट के लिए एक मार्चिंग टुकड़ी, नौसेना बैंड और हेलीकॉप्टर को उतारा जाएगा। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

नौसेना के मुताबिक 14 मार्च तक पोर्ट लुइस में रहने के दौरान भारतीय जहाज कई प्रशिक्षण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेगा, जिसमें क्रॉस-ट्रेनिंग विज़िट, मैत्रीपूर्ण खेल कार्यक्रम और सामुदायिक आउटरीच गतिविधियां शामिल हैं। इनका उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना है। इसके अलावा मॉरीशस के जहाजों के साथ एक संयुक्त ईईजेड निगरानी और अभ्यास की भी योजना बनाई गई है। इस दौरान होने वाली बातचीत भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति और सागर (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) के दृष्टिकोण से दृढ़ता से जुड़ी हुई है।

मॉरीशस राष्ट्रीय दिवस समारोह में नवीनतम भारतीय युद्धपोत और विमान की तैनाती भी द्वीप देशों, विशेष रूप से मॉरीशस के साथ साझेदारी में एक सुरक्षित, संरक्षित और स्थिर आईओआर को बढ़ावा देने के लिए भारत की गहरी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जिसके साथ भारत मजबूत ऐतिहासिक, राजनीतिक और आर्थिक, सुरक्षा और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंध साझा करता है। दिसंबर, 2023 में कमीशन किया गया 'इम्फाल' चार प्रोजेक्ट 15बी (विशाखापत्तनम क्लास) स्वदेशी विध्वंसक जहाजों में से तीसरा है। अत्याधुनिक हथियारों, सेंसर और मशीनरी से लैस यह दुनिया के सबसे बड़े और तकनीकी रूप से सबसे उन्नत युद्धपोतों में से एक है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

   

सम्बंधित खबर