नीट अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए चार परीक्षा स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई गई
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने चार अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। ये विशेष रेलगाड़ियां अपने वर्तमान कोच संरचना, समय-सारिणी और निर्धारित ठहराव के साथ पूर्ववत संचालित होती रहेंगी।
उत्तर रेलवे के अनुसार, रेलगाड़ी संख्या 04427 शकूरबस्ती-सहारनपुर जंक्शन अनारक्षित परीक्षा स्पेशल, जिसे पहले 20 जून तक अधिसूचित किया गया था, अब 21 जून तक एक अतिरिक्त फेरे के लिए संचालित की जाएगी।
इसी प्रकार रेलगाड़ी संख्या 04428 सहारनपुर जंक्शन-शकूरबस्ती अनारक्षित परीक्षा स्पेशल का संचालन 21 जून के स्थान पर 22 जून तक एक अतिरिक्त फेरे के लिए बढ़ाया गया है।
रेलगाड़ी संख्या 04429 शकूरबस्ती-सहारनपुर जंक्शन अनारक्षित परीक्षा स्पेशल की अवधि भी 20 जून से बढ़ाकर 21 जून तक कर दी गई है और यह एक अतिरिक्त फेरा लगाएगी।
रेलगाड़ी संख्या 04430 सहारनपुर जंक्शन-नई दिल्ली अनारक्षित परीक्षा स्पेशल, जो पहले 20 जून तक संचालित होने वाली थी, अब 21 जून तक एक अतिरिक्त फेरे के साथ चलेगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नीट परीक्षा के मद्देनजर परीक्षार्थियों को यात्रा में सुविधा प्रदान करने तथा अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से इन विशेष ट्रेनों की अवधि बढ़ाई गई है। इससे दिल्ली, शकूरबस्ती और सहारनपुर क्षेत्र के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
-----------

