मई महीने में तिनसुकिया मंडल के स्लीपर रिन्युअल कार्यों में रिकॉर्ड प्रगति

गुवाहाटी, 01 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के तिनसुकिया मंडल ने मई 2026 के दौरान थ्रू स्लीपर रिन्यूअल (टीएसआर) कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज कर बुनियादी ढांचे के रखरखाव के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मराणहाट-डिब्रूगढ़ सेक्शन में ट्रैक रिलेइंग ट्रेन (टीआरटी) मशीन का उपयोग कर कुल 10.61 किलोमीटर स्लीपर रिन्यूअल सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जो हाल के समय में मंडल के बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि यह उपलब्धि इस महीने के दौरान 21 ट्रैफ़िक ब्लॉक (जिनमें 9 रात्रि ब्लॉक शामिल थे) के प्रभावी उपयोग से संभव हो पाई है, जिससे नवीनीकरण कार्यो में बिना किसी रुकावट के प्रगति सुनिश्चित हुई। विभिन्न विभागों के बीच घनिष्ठ समन्वय, जनशक्ति और मशीनों की कुशल तैनाती, निर्बाध शंटिंग कार्य और सिग्नलिंग एवं ओवरहेड ट्रैक्शन कार्यों के एक साथ निष्पादन से निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्लीपर रिन्यूअल कार्यों के सफल समापन से पूसीरे के तिनसुकिया मंडल के मोरानहाट-डिब्रूगढ़ सेक्शन में ट्रैक संरक्षा और परिचालन विश्वसनीयता में काफी वृद्धि हुई है। यह नवीनीकृत ट्रैक अवसंरचना ट्रेनों के निर्बाध परिचालन और यात्रियों के लिए बेहतर यात्रा अनुभव में योगदान प्रदान करेगा, जिससे ट्रेन यात्राओं के दौरान संरक्षा, दक्षता और यात्रियों की सुविधा के उच्च मानकों को बनाए रखने के प्रति पूसीरे की प्रतिबद्धता पुनः प्रमाणित हुई है।

--------------

   

सम्बंधित खबर