
राजगीर, 18 मई (हि.स.)। नालंदा विश्वविद्यालय के परिसर में 19 मई को तृतीय स्नातकोत्सव समारोह (दीक्षांत) का आयोजन होगा। यह समारोह विश्वविद्यालय के नव-निर्मित 2000 सीट क्षमता वाले ‘विश्वमित्रालय’ सभागार में संपन्न होगा।
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, डॉ पीके मिश्रा, इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) की विशेष एवं गरिमामयी उपस्थिति समारोह की शोभा बढ़ाएगी। वहीं, विदेश मंत्रालय, के सचिव (ईस्ट) रुद्रेंद्र टंडन विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में सम्मिलित होंगे।
विशेष पहल के रूप में, विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं के समापन के केवल नौ दिन बाद ही स्नातकोत्सव समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह समयबद्ध आयोजन छात्रों को शीघ्र उपाधि दिलाकर उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक मार्ग को सुदृढ़ करने के प्रति विश्वविद्यालय की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस स्नातकोत्सव समारोह में 2024–26 बैच के कुल 219 स्नातकों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी; ये स्नातक 14 विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनमें वियतनाम, बांग्लादेश, भूटान और म्यांमार सहित अनेक राष्ट्र शामिल हैं - जो नालंदा विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा और विविध शैक्षणिक वातावरण का प्रतीक है।
शैक्षणिक उत्कृष्टता को सम्मानित करने के लिए आठ मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें सात छात्राए शामिल हैं - यह विश्वविद्यालय में महिला छात्रों की प्रगति और उपलब्धि का उत्साहवर्धक संकेत है।
स्नातकोत्सव समारोह के पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा नालंदा विश्वविद्यालय के ‘कौटिल्य सेंटर फॉर कैपेसिटी बिल्डिंग’ का भी उद्घाटन किया जाएगा।
---------------

