राष्ट्रीय खेल: हैंडबॉल मुकाबलों में हरियाणा का जलवा, पुरुष और महिला टीमों ने दर्ज की बड़ी जीत

रुद्रपुर, 8 फ़रवरी (हि.स.)। 38वें राष्ट्रीय खेलों के हैंडबॉल मुकाबलों की शुरुआत धमाकेदार रही। पहले दिन कुल सात मुकाबले खेले गए, जिसमें हरियाणा की पुरुष और महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच बड़े अंतर से जीते।

हरियाणा महिला टीम की धमाकेदार शुरुआत

महिला वर्ग में हरियाणा ने बिहार को 47-16 के बड़े अंतर से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। हरियाणा के लिए सोनिका और आशा रानी ने छह-छह गोल किए, जबकि रेनू, प्रियंका और निक्की ने पांच-पांच गोल दागे। बिहार की ओर से खुशबू कुमारी ने सबसे ज्यादा छह गोल किए।

दूसरे मुकाबले में हिमाचल प्रदेश ने उत्तराखंड को 45-6 से हराया। हिमाचल की मिताली शर्मा ने आठ, कृतिका ठाकुर और जागृति देवी ने सात-सात गोल कर टीम को बड़ी जीत दिलाई।

दिन के सबसे रोमांचक मुकाबले में राजस्थान ने उत्तर प्रदेश को 23-22 से मात दी। पहले हाफ में दोनों टीमें 11-11 की बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में राजस्थान ने 12-11 की बढ़त बनाकर मैच अपने नाम किया। राजस्थान की ओर से रुक्मिणी बिथू और मनीषा ने पांच-पांच गोल किए, जबकि उत्तर प्रदेश के लिए मोना और सपना कश्यप ने भी पांच-पांच गोल दागे।

पुरुष वर्ग में भी हरियाणा का दबदबा

पुरुष वर्ग में राजस्थान और दिल्ली के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें दिल्ली ने 31-30 से रोमांचक जीत दर्ज की। दिल्ली के विकास (6), सुशील (5) और कृष्ण (5) ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि राजस्थान के लिए लोकेन्द्र सिंह और रोहिताश ने छह-छह गोल किए।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबला 28-28 की बराबरी पर समाप्त हुआ। मध्य प्रदेश के जसमीत और छत्तीसगढ़ के मोहम्मद आमिर हुसैन ने 10-10 गोल कर अपनी-अपनी टीमों को बराबरी पर बनाए रखा।

हरियाणा की पुरुष टीम ने भी अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए झारखंड को 46-26 से करारी शिकस्त दी। हरियाणा के संदीप (7), दविंदर सिंह (6), मोहित (5) और सुनील (5) ने दमदार प्रदर्शन किया। झारखंड के लिए नदीम कुरैशी ने 9 और मोहम्मद शाहरुख अनवर ने 7 गोल किए।

दिन के अंतिम मुकाबले में सर्विसेज ने उत्तराखंड को 41-35 से मात दी। सर्विसेज के सुखवीर सिंह ने 11 और भूषण शिंदे ने 8 गोल किए, जबकि उत्तराखंड के दिनेश कुमार (10 गोल), अरुण शर्मा (8 गोल) और भूपेंद्र सिंह (7 गोल) ने बेहतरीन खेल दिखाया।

पहले दिन के प्रमुख परिणाम:

महिला वर्ग:

हरियाणा 47-16 बिहार

हिमाचल प्रदेश 45-6 उत्तराखंड

राजस्थान 23-22 उत्तर प्रदेश

पुरुष वर्ग:

राजस्थान 30-31 दिल्ली

मध्य प्रदेश 28-28 छत्तीसगढ़

झारखंड 26-46 हरियाणा

सर्विसेज 41-35 उत्तराखंड

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

   

सम्बंधित खबर