नेपाल के प्रधानमंत्री ने कहा- सही समय आने पर विपक्षी दलों को संसद में देंगे जवाब
- DSS Admin
- May 21, 2026
काठमांडू, 21 मई (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने कहा है कि वह किसी के दबाव में नहीं, बल्कि सही समय आने पर संसद में उपस्थित होकर सांसदों के सवालों का जवाब देंगे। प्रतिनिधि सभा में विपक्षी दल लगातार प्रधानमंत्री की उपस्थिति की मांग कर रहे हैं।
सदन में प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति को लेकर विपक्ष के अवरोध शुरू करने के बाद गुरुवार को अर्याल प्रधानमंत्री बालेन्द्र से मिलने पहुंचे थे।
सिंहदरबार में हुई मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री बालेन्द्र ने उनसे कहा कि वह विपक्षी दलों के दबाव पर नहीं, बल्कि सही समय आने पर संसद आएंगे और सांसदों के सवालों का जवाब देंगे। स्पीकर अर्याल ने यह जानकारी कार्य व्यवस्था परामर्श समिति के सदस्यों को दी।
प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति के बाद प्रतिनिधि सभा में विपक्षी दलों ने नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच ही स्पीकर अर्याल ने सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाई। विपक्ष के विरोध के बीच ‘वैकल्पिक विकास वित्त परिचालन विधेयक’ पारित कर दिया गया। वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले ने इस विधेयक पर धारा-दर-धारा चर्चा किए जाने का प्रस्ताव पेश किया। विधेयक पर प्राप्त संशोधनों को स्पीकर ने निर्णयार्थ प्रस्तुत किया। इसके बाद नारेबाजी के बीच ही सदन ने वैकल्पिक विकास वित्त परिचालन विधेयक को पारित कर दिया।
विपक्षी दल लगातार नारेबाजी करते रहे। इसी दौरान प्रतिनिधि सभा ने ‘प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन (पहला संशोधन) विधेयक’, ‘मतदाता नामावली (पहला संशोधन) विधेयक’ और ‘राष्ट्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (स्थापना और संचालन) विधेयक’ पर विचार किए जाने संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।
---------------

